बक्सर, 09 अक्टूबर (विक्रांत) नवरात्रि मेला के दौरान मैहर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से मैहर स्टेशन पर विभिन्न दिशाओं से आने-जाने वाली 10 प्रमुख ट्रेनों का अस्थायी ठहराव दिया गया है। इन ट्रेनों का मैहर स्टेशन पर पांच मिनट का ठहराव रहेगा। डाउन दिशा में वलसाड-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (19051) को 10 से 17 अक्टूबर तक 15:05 से 15:10 बजे, कोल्हापुर-धनबाद एक्सप्रेस (11045) को 16 अक्टूबर को 17:20 से 17:25 बजे, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-रक्सौल एक्सप्रेस (15268) को 12 से 19 अक्टूबर तक 10:40 से 10:45 बजे, पूर्णा-पटना एक्सप्रेस (17610) को 15 अक्टूबर को 10:40 से 10:45 बजे तथा बांद्रा टर्मिनस-पटना एक्सप्रेस (22971) को 12 से 19 अक्टूबर तक 15:05 से 15:10 बजे तक ठहराव मिलेगा।

वहीं अप दिशा में मुजफ्फरपुर-वलसाड एक्सप्रेस (19052) को 12 से 19 अक्टूबर तक 11:40 से 11:45 बजे, धनबाद-कोल्हापुर एक्सप्रेस (11046) को 12 से 19 अक्टूबर तक 22:25 से 22:30 बजे, रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस (15267) को 10 से 17 अक्टूबर तक 11:25 से 11:30 बजे, पटना-पूर्णा एक्सप्रेस (17609) को 17 अक्टूबर को 17:15 से 17:20 बजे तथा पटना-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (22972) को 14 से 21 अक्टूबर तक 08:15 से 08:20 बजे तक मैहर में अस्थायी ठहराव दिया गया है।

रेलवे के इस निर्णय से नवरात्रि मेले में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। पांच मिनट के अतिरिक्त ठहराव से यात्रियों को उतरने-चढ़ने में सुविधा मिलेगी और मेले के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को व्यवस्थित करने में भी मदद मिलेगी।

















