पटना, 06 अक्टूबर (अविनाश कुमार) बिहार से मानसून की विदाई के साथ ही मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। दिन में चटख धूप लोगों को हल्की गर्मी का अहसास करा रही है, जबकि सुबह और रात के समय गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम सामान्य और मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, उत्तर बिहार के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 6 से 9 अक्टूबर के बीच बिहार के उत्तरी हिस्सों में मौसम का तेवर बदल सकता है। इस दौरान मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।

इसे देखते हुए लोगों को मौसम में होने वाले बदलाव को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में बादलों की आवाजाही के साथ गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है। बीते 24 घंटे के दौरान अररिया, समस्तीपुर, मधुबनी और सहरसा के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं राजधानी पटना समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य बना रहा। दिन में धूप निकलने के कारण तापमान में गर्माहट महसूस हुई, जबकि सुबह और रात में मौसम अपेक्षाकृत सुहाना रहा।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में लोगों को फिलहाल मौसम के इसी मिश्रित तेवर का सामना करना पड़ेगा। दिन में गर्मी और सुबह-रात हल्की ठंड के बीच उत्तर बिहार में बारिश और तेज हवा का दौर जारी रह सकता है।
















