सहरसा, 05 अक्टूबर (कृष्णा) बिहार के सहरसा में दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दोनों गुटों के बीच कई राउंड फायरिंग की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। गोलीबारी के बाद एक पक्ष के लोगों ने एक कार में आग लगा दी और जमकर तोड़फोड़ की। अचानक भड़की हिंसा से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल कायम हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि फायरिंग शुरू हो गई।

कई राउंड गोलियां चलने की सूचना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद एक पक्ष के लोगों ने कार को निशाना बनाते हुए उसमें आग लगा दी। उपद्रवियों ने वाहन में तोड़फोड़ भी की, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

फिलहाल क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। घटना के कारणों और फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान को लेकर जांच की जा रही है। प्रशासन की सतर्कता के बावजूद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
















