समस्तीपुर, 29 सितम्बर (हर्षिता “अश्क”) पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल में 10 से 28 सितंबर तक आयोजित राजभाषा पखवाड़े का शुक्रवार को भव्य एवं गरिमामयी समारोह के साथ समापन हुआ। मंडल कार्यालय सभागार में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने की। समारोह में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और रेलकर्मियों को इसके प्रति निरंतर प्रेरित करने पर जोर दिया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि हिंदी केवल राजभाषा ही नहीं, बल्कि जन-संवाद और प्रशासनिक दक्षता को जोड़ने वाली सशक्त कड़ी है।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से दैनिक सरकारी कार्यों, पत्राचार तथा ई-ऑफिस प्रणाली में हिंदी का अधिकाधिक और सहज प्रयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में कंप्यूटर एवं विभिन्न सॉफ्टवेयर के माध्यम से हिंदी में काम करना पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है।पखवाड़े के दौरान रेलकर्मियों की भाषाई दक्षता और हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। समापन समारोह में सफल प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

हिंदी निबंध, हिंदी टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन, हिंदी वाक् तथा राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।समारोह के दौरान राजभाषा विभाग की ओर से तैयार विशेष लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। फिल्म में कार्यालयीन प्रशासनिक कार्यों, तकनीकी प्रक्रियाओं और पत्राचार में हिंदी के व्यावहारिक एवं सुगम इस्तेमाल को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। साथ ही राजभाषा नियमों के अनुपालन और कार्यस्थल पर हिंदी के महत्व को भी रेखांकित किया गया। फिल्म को उपस्थित रेलकर्मियों ने सराहा।

मंडल रेल प्रबंधक ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों के उत्साह की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी निष्ठा से हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया। समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ शाखा अधिकारी, राजभाषा अधिकारी सहित बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित रहे। अंत में राजभाषा विभाग ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया।


















