पटना, 29 सितम्बर (पटना डेस्क) मद्य निषेध विभाग ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार देर रात 301.640 लीटर विदेशी शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो को भी जब्त किया गया। पुलिस ने इस मामले में एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, बलरामपुर जांच चौकी पर साइकिल से शराब ले जा रहे दो अन्य धंधेबाजों को भी दबोचा गया।मद्य निषेध विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से स्कॉर्पियो के जरिए शराब की बड़ी खेप कटिहार लाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक ने स्कॉर्पियो की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन का पीछा शुरू कर दिया।

काफी देर तक पीछा करने के बाद आजमनगर थाना क्षेत्र के मानिकनगर स्थित चौर के पास घेराबंदी कर स्कॉर्पियो को रोक लिया गया। तलाशी लेने पर वाहन से 301.640 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। मौके से मिथुन कुमार, निवासी बाकिया रानीचक, थाना बरारी, जिला कटिहार को गिरफ्तार किया गया। इधर, बलरामपुर जांच चौकी पर भी विभाग की टीम ने कार्रवाई की। जांच के दौरान साइकिल से शराब ले जा रहे दो लोगों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलरामपुर निवासी गोपाल सिंह और विश्वजीत सिंह के रूप में हुई है। इनके पास से छह बोतल बीयर और एक बोतल शराब बरामद की गई।

मद्य निषेध विभाग ने शराब और जब्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए जांच जारी है।
















