पटना, 27 सितम्बर (पटना डेस्क) । बिहार में चर्चित कोढ़ा गैंग के अपराधियों पर शिकंजा कसने और वारदातों का तेजी से उद्भेदन करने के लिए बिहार एसटीएफ ने बड़ी पहल की है। एसटीएफ ने अपराधियों की पहचान और उनके आपराधिक नेटवर्क का पता लगाने के लिए विशेष कोढ़ा सेल का गठन किया है। यह सेल गैंग से जुड़े सदस्यों का फोटो, नाम, पता और पूरा पारिवारिक विवरण जुटाकर डाटा तैयार कर रहा है। एसटीएफ के अनुसार, बिहार ही नहीं, देश के किसी भी हिस्से में कोढ़ा गैंग के किसी सदस्य द्वारा अपराध किए जाने की सूचना मिलने पर संबंधित पुलिस टीम को कोढ़ा सेल से महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी।

सेल में मौजूद डाटा के आधार पर संदिग्ध अपराधी के फोटो की पहचान की जाएगी। इसके साथ ही उसके नाम और पते का सत्यापन भी किया जा सकेगा। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक बिहार और दूसरे राज्यों में कोढ़ा गैंग से जुड़ी कई घटनाओं के अनुसंधान में इस सेल की मदद मिली है। अपराधियों की फोटो पहचान होने के बाद मामलों का उद्भेदन किया गया और लूटे गए रुपये की बरामदगी भी हुई है।एसटीएफ की इस विशेष पहल से कोढ़ा गैंग के अपराधियों की पहचान की प्रक्रिया को तेज करने में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड और पारिवारिक विवरण का सत्यापन भी आसान होगा।

दूसरे राज्यों में होने वाली वारदातों में बिहार एसटीएफ और स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी यह सेल अहम भूमिका निभा सकता है। पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती ऐसे अपराधियों की पहचान और उनके पुराने रिकॉर्ड का तत्काल मिलान करना होता है। कोढ़ा सेल के डाटा के जरिए इस प्रक्रिया को व्यवस्थित करने की कोशिश की जा रही है। एसटीएफ का यह कदम गैंग से जुड़े अपराधियों पर निगरानी मजबूत करने और अंतरराज्यीय अपराध के मामलों में कार्रवाई तेज करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
















