पटना, 26 अगस्त (पटना डेस्क) वेब रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ के प्रीमियर के बाद भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। शो में अभिनेत्री काजल राघवानी की ओर से पवन सिंह, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ और आम्रपाली दुबे को लेकर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद अब अभिनेत्री अंजना सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट ने चर्चाओं को और हवा दे दी है। अंजना सिंह ने किसी का नाम लिए बिना ऐसे कई तंज कसे हैं, जिन्हें काजल राघवानी से जोड़कर देखा जा रहा है। अंजना सिंह ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर लगातार तीन नोट साझा किए।

पहली स्टोरी में उन्होंने लिखा कि भोजपुरी इंडस्ट्री में एक ऐसी ‘मौसी’ हैं, जो ऑन और ऑफ स्क्रीन ‘मंथरा’ का किरदार निभाती हैं। इसके बाद उन्होंने लिखा, “राम राम क्या दिन आ गए हैं, गाड़ी एक और मालिक दो। सही है, सही है।” उनकी तीसरी पोस्ट सबसे ज्यादा चर्चा में रही।अंजना सिंह ने लिखा कि कुछ लोगों को बहुत ज्यादा सहानुभूति चाहिए। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि जब कोई किसी के साथ रहता है तो काम नहीं मिलने का ठीकरा उसी रिश्ते पर फोड़ा जाता है और जब साथ छूट जाता है तो लोगों के सामने जाकर रोने तथा बुराई करने का सिलसिला शुरू हो जाता है।

उन्होंने सलाह दी कि अपने रिश्ते खुद संभालने चाहिए और लोगों के पास जाकर रोने या किसी की बुराई करने से कुछ हासिल नहीं होगा। हालांकि, अंजना ने किसी भी पोस्ट में काजल राघवानी का नाम नहीं लिया है।गौरतलब है कि ‘भोजपुरी बवाल’ में काजल राघवानी ने पवन सिंह पर वर्ष 2008 की फिल्म ‘कैसे हो जा प्यार’ की शूटिंग के दौरान कथित तौर पर उनकी सहमति के बिना किसिंग सीन करवाने की कोशिश का आरोप लगाया।

काजल के अनुसार, विरोध करने पर पवन सिंह कथित तौर पर सेट छोड़कर चले गए थे।वहीं, काजल ने ‘आशिक आवारा’ के दौरान एक गाना उनसे लेकर निरहुआ और आम्रपाली दुबे पर फिल्माए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने आम्रपाली पर असुरक्षा महसूस करने की बात भी कही। इन आरोपों और अंजना सिंह की पोस्ट के बाद भोजपुरी इंडस्ट्री में बयानबाजी का दौर और तेज होता दिख रहा है।

















