समस्तीपुर, 19 अगस्त (हर्षिता “अश्क”) चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी से बेहाल उत्तर बिहार के लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग ने 19 से 22 अगस्त के बीच उत्तर बिहार के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई है। हालांकि इस अवधि में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान भी व्यक्त किया गया है, लेकिन एक-दो दिनों की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा एवं कृषि मौसम विभाग के अनुसार सीवान, सारण, वैशाली, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण के कुछ क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है। पूर्वानुमान के मुताबिक अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 85 से 90 प्रतिशत और दोपहर में 55 से 60 प्रतिशत रह सकती है। पूर्वी दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।मंगलवार को पूसा में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पिछले तीन दिनों में 15.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज होने के बावजूद दिनभर उमस ने लोगों को परेशान किया। इधर, जिला कृषि पदाधिकारी भारत भूषण ने किसानों को धान की फसल पर विशेष नजर रखने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि कम बारिश की स्थिति में खरपतवार तेजी से बढ़ सकते हैं, इसलिए समय पर निराई-गुड़ाई और आवश्यकतानुसार नाइट्रोजन का उपरिवेशन करें। साथ ही तना छेदक और पत्ती लपेटक कीट के प्रकोप की नियमित निगरानी करते हुए जरूरत पड़ने पर अनुशंसित कीटनाशी का छिड़काव करें, ताकि फसल को नुकसान से बचाया जा सके।

















