पटना, 05 अगस्त (अविनाश कुमार) बिहार में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। लगातार बढ़ रही बारिश की गतिविधियों ने भीषण उमस और गर्मी से लोगों को राहत दिलानी शुरू कर दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार के लिए राज्य के 17 जिलों में गरज-चमक, बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, ऊंचे स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक अररिया, बेगूसराय, भागलपुर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, खगड़िया, मधेपुरा, मधुबनी, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, शिवहर और सुपौल में बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना है।

मौसम में आए इस बदलाव से खासकर धान की खेती कर रहे किसानों को बड़ी राहत मिली है, हालांकि राज्य के कई हिस्सों में अब भी सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम वैज्ञानिकों ने पांच से नौ अगस्त तक के लिए पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि उत्तर बिहार के अधिकांश क्षेत्रों में 5 से 7 अगस्त के बीच हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार के अनुसार इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और मेघगर्जन के साथ वज्रपात की भी आशंका बनी रहेगी। भागलपुर में मंगलवार को 21.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया।

अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पूर्णिया में मौसम में लगातार बदलाव के कारण वायरल बुखार और मौसमी बीमारियों की आशंका बढ़ी है। जिले के लिए अगले 24 घंटे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।उधर, गया में दिनभर उमस रहने के बाद शाम को कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून ट्रफ लाइन के सक्रिय होने से अगले दो से तीन दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश, तेज हवाएं और मेघगर्जन का दौर जारी रह सकता है। इसके साथ ही तापमान में भी धीरे-धीरे गिरावट आने के संकेत हैं, जिससे लोगों को गर्मी से और अधिक राहत मिलने की उम्मीद है।

















