बक्सर, 13 जून (विक्रांत) अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के सदस्यता अभियान को जनआंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय कन्वेंशन में केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ व्यापक जनसंघर्ष छेड़ने का आह्वान किया गया। सम्मेलन में महंगाई, बेरोजगारी, भूमिहीनों के अधिकार, मनरेगा और ग्रामीण गरीबों के सवालों को लेकर गांव-गांव अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।कन्वेंशन की अध्यक्षता पार्टी केंद्रीय कमेटी सदस्य सह बक्सर जिला सचिव नवीन कुमार ने की, जबकि संचालन खेग्रामस के जिला सचिव कामरेड नारायण दास ने किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आरवाईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं डुमरांव के पूर्व विधायक कामरेड अजीत कुमार सिंह रहे। उन्होंने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और गरीबों पर बढ़ते हमलों के खिलाफ संगठित संघर्ष की जरूरत है। सदस्यता अभियान को जनसरोकारों से जोड़कर गांव-गांव तक पहुंचाने का समय आ गया है।सम्मेलन को माले नेता धर्मेंद्र कुमार सिंह, ऐपवा नेता संध्या पाल, किसान महासभा के जिला सचिव रामदेव सिंह, भदवर मुखिया कन्हैया महतो, हरेंद्र राम, आरवाईए जिला संयोजक राजदेव सिंह, आइसा जिला सचिव अखिलेश ठाकुर, जगनारायण शर्मा, ललन प्रसाद, बीरेंद्र सिंह तथा वीरेंद्र यादव ने भी संबोधित किया।

वक्ताओं ने कहा कि 5 जून से 5 अगस्त तक चलने वाले सदस्यता अभियान के दौरान गरीबों, खेत मजदूरों और भूमिहीनों के ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। अभियान के तहत “ग्रामीण गरीबों को काम दो, काम का उचित दाम दो”, “जीने लायक वेतन दो”, “जो जमीन सरकारी है वह जमीन हमारी है” तथा “भूमिहीनों को बासगीत पर्चा दो” जैसे नारों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। सम्मेलन में निर्णय लिया गया कि सदस्यता अभियान के साथ-साथ पंचायत और गांव स्तर पर आंदोलन भी चलाए जाएंगे, ताकि अभियान व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप ग्रहण कर सके।

राज्य कार्यकारिणी द्वारा 20 लाख 29 हजार सदस्य बनाने के लक्ष्य को सफल बनाने के लिए 5 जून से 15 जून तक संगठनात्मक गलबंदी, जिला कमेटी की बैठकें, प्रखंड कन्वेंशन तथा पंचायत स्तर पर टीम गठन की प्रक्रिया तेज करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में ओम जी, रेखा देवी, विसर्जन राम, संजय शर्मा, बीर बहादुर पासवान, ललन राम, जितेंद्र राम, महफूज आलम, फूल कुमारी देवी, पूजा कुमारी, भगवान दास, हरिद्वार राम समेत सैकड़ों कार्यकर्ता एवं नेता मौजूद रहे।

















