नई दिल्ली, 04 अप्रैल (अशोक “अश्क”) ईरान के भीतर गिरे अमेरिकी फाइटर जेट के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। लापता पायलट की तलाश में अमेरिका ने हाई-रिस्क रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इस मिशन में C-130 हरक्यूलिस जैसे विशाल सैन्य विमान को तैनात किया गया है, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विमान बेहद कम ऊंचाई पर उड़ते हुए फ्लेयर्स छोड़ता नजर आ रहा है।

विशेषज्ञों के मुताबिक फ्लेयर्स का इस्तेमाल दुश्मन की मिसाइलों से बचने के लिए किया जाता है। ये गर्म फ्लेयर्स मिसाइलों को भ्रमित कर देते हैं, जिससे वे असली विमान के बजाय इन्हीं पर हमला कर बैठती हैं। इससे विमान को सुरक्षित निकलने का मौका मिल जाता है। इस बीच इजराइल के एक अधिकारी ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि अमेरिकी जेट के एक पायलट को ईरान के अंदर से जिंदा निकाल लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

हालांकि इस दावे की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, जिससे स्थिति और रहस्यमयी बनी हुई है। गौरतलब है कि ईरान ने पहले दावा किया था कि उसने अमेरिकी F-35 फाइटर जेट मार गिराया है, जबकि कुछ रिपोर्ट्स में इसे F-15E बताया जा रहा है। तनाव को और बढ़ाते हुए ईरान ने पायलट को पकड़ने पर 10 बिलियन ईरानी तोमान का इनाम घोषित किया है। सरकारी मीडिया ने नागरिकों से पायलट को पकड़कर सेना के हवाले करने की अपील की है, जिससे हालात और विस्फोटक हो गए हैं।

















