
बक्सर, 29 नवंबर (विक्रांत) देश की कृषि व्यवस्था को आधुनिक, तकनीक आधारित और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में आयोजित भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ (IAUA) के 50वें स्वर्ण जयंती सम्मेलन एवं राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन ANGA-2026 के दूसरे दिन कृषि के भविष्य को लेकर व्यापक मंथन हुआ। देशभर से जुटे कृषि वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, नीति-निर्माताओं और विश्वविद्यालयों के कुलपतियों ने कृषि शिक्षा, अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और ग्रामीण विकास को नई दिशा देने पर जोर दिया।कार्यक्रम में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार कृषि और ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की आय और आजीविका में सुधार, कृषि आधारभूत संरचनाओं का विस्तार, आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम किसान तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कृषि विश्वविद्यालयों और वैज्ञानिक संस्थानों के सहयोग से खेती में नई क्रांति लाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था में व्यापक बदलाव संभव है।स्वागत संबोधन में बिहार कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डीआर सिंह ने अतिथियों और देशभर से पहुंचे प्रतिनिधियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय में कृषि क्षेत्र के सामने जलवायु परिवर्तन, उत्पादन लागत और तकनीकी चुनौतियां बढ़ रही हैं।

इनसे निपटने के लिए डिजिटल कृषि, बहुविषयक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और किसानों तक शोध के परिणाम पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने विश्वविद्यालय की ओर से किसान केंद्रित अनुसंधान, नई तकनीकों के प्रसार और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को गति देने की प्रतिबद्धता जताई।सम्मेलन की अध्यक्षता भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के उप महानिदेशक (कृषि शिक्षा) डॉ. वाईएस मलिक ने की। मौके पर केवी अय्यर, डॉ. केडी कोकाटे समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। विचार-विमर्श के दौरान वक्ताओं ने कहा कि कृषि शिक्षा, अनुसंधान, प्रसार सेवाओं और सरकारी नीतियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना समय की मांग है। तकनीकी प्रगति और संस्थागत सहयोग से भारतीय कृषि को अधिक उत्पादक, टिकाऊ तथा जलवायु अनुकूल बनाया जा सकता है।

वक्ताओं ने भविष्य की चुनौतियों से मुकाबले के लिए नई पीढ़ी के कुशल कृषि पेशेवर तैयार करने पर भी बल दिया। ANGA-2026 के आयोजन सचिव डॉ. अंशुमन कोहली ने कार्यक्रम का संचालन किया और आयोजन में सहयोग देने वाले संस्थानों एवं प्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया। IAUA, नई दिल्ली और बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन ने विकसित भारत @2047 के लक्ष्य के अनुरूप कृषि विकास की नई संभावनाओं पर विचार करने का अवसर दिया। सम्मेलन में यह संदेश उभरा कि किसानों की भागीदारी, वैज्ञानिक अनुसंधान और आधुनिक तकनीक के समन्वय से ही देश की कृषि को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सकता है।













