समस्तीपुर, 27 नवंबर (हर्षिता “अश्क”) बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर लगाम लगाने के लिए समस्तीपुर में शुक्रवार को जागरूकता का बड़ा अभियान चलाया गया। प्रथम अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन और प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता रैली एवं रथ यात्रा निकाली गई। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रैली और रथ यात्रा को रवाना किया। इस अभियान में करीब 500 छात्र-छात्राओं और महिलाओं ने भाग लेकर बाल विवाह के खिलाफ आवाज बुलंद की। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, महिलाओं और अन्य प्रतिभागियों को बाल विवाह की रोकथाम तथा इसके पूर्ण उन्मूलन की सामूहिक शपथ दिलाई।

उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस कुप्रथा को समाप्त करने के लिए आगे आने और बच्चों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी उठाने का संदेश दिया। रैली एवं रथ यात्रा के माध्यम से लोगों को बाल विवाह, कम उम्र में शादी और जबरन विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। अभियान में बालिकाओं की शिक्षा, बच्चों के अधिकार, स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। आयोजकों ने लोगों से अपील की कि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर उसका विरोध करें और इसे रोकने के लिए सामूहिक पहल करें।

इस अवसर पर वरीय उप समाहर्ता, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस), अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर, एडीसीपी, जिला परियोजना प्रबंधक (डब्ल्यूसीडीसी), बाल कल्याण समिति के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।अभियान में प्रयास संस्था की जिला समन्वयक नीतू जोसफ और संस्था के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजकों ने कहा कि बाल विवाह केवल सामाजिक बुराई नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकारों और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। इस अभियान का लक्ष्य जनभागीदारी के जरिए बाल विवाह मुक्त समस्तीपुर और बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण करना है।














