बक्सर, 21 नवम्बर (विक्रांत) बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा पर नैनीजोर गांव के समीप स्थित गायघाट मौजा की 313.26 एकड़ उपजाऊ जमीन को लेकर दशकों से चले आ रहे विवाद में प्रशासन ने बड़ा खुलासा किया है। राजस्व अभिलेखों की जांच के बाद डुमरांव के अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार ने स्पष्ट किया है कि पूरी जमीन अनाबाद बिहार सरकार की है। इस पर अवैध कब्जा कर खेती करने वालों के विरुद्ध अब विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस रुख से जमीन पर वर्षों से कब्जे की लड़ाई लड़ रहे विभिन्न गुटों में हलचल मच गई है।मामले के स्थायी समाधान और खूनी संघर्ष पर रोक लगाने के लिए एसडीएम राजीव कुमार, एसडीपीओ भास्कर रंजन तथा अंचलाधिकारी खुशबू खातून ने नैनीजोर थाना परिसर में संबंधित पक्षों के साथ बैठक की। इसमें गायघाट मौजा की 313.26 एकड़ और सुघर छपरा मौजा की जमीन पर दावा करने वाले लोगों की दलीलें सुनी गई ।

अधिकारियों ने घंटों राजस्व अभिलेखों का अवलोकन करने के बाद जमीन की स्थिति स्पष्ट की।अधिकारियों के अनुसार, सुघर छपरा मौजा की 42.83 एकड़ जमीन सर्वदेव तिवारी की है। उनके पक्ष में विभिन्न न्यायालयों के फैसले भी मौजूद हैं। अन्य दावेदारों को वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति के पक्ष में न्यायालय का आदेश होने पर उसका सम्मान किया जाएगा।फसल के समय गरजती थीं बंदूकें, जा चुकी है जानगायघाट की जमीन पर कब्जे को लेकर पिछले 30 से 35 वर्षों से नैनीजोर के विभिन्न गुटों में विवाद चला आ रहा है। फसल की बुआई और कटाई के समय तनाव चरम पर पहुंच जाता था।

कई बार गोलियां भी चलीं। इसी वर्ष चार अप्रैल को दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष में गोली लगने से एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। इसके बावजूद विवाद का स्थायी समाधान नहीं निकल सका था। कई मुकदमे न्यायालयों में लंबित हैं। अब राजस्व अभिलेखों के आधार पर प्रशासन द्वारा स्थिति स्पष्ट किए जाने से उम्मीद जगी है कि वर्षों पुराना जमीन विवाद थमेगा और दियारा क्षेत्र में हिंसक घटनाओं पर लगाम लगेगी।













