मुजफ्फरपुर, 28 नवम्बर (संतोष गुप्ता) साहेबगंज बाजार में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर शुक्रवार को उपद्रवियों और कुछ स्थानीय दुकानदारों ने अचानक हमला कर दिया। केशव चौक के पास विपणन केंद्र की छत से जमकर ईंट-पत्थर बरसाए गए। इस अप्रत्याशित हमले से बाजार में भगदड़ और अफरातफरी मच गई। पथराव में बुलडोजर (JCB) का शीशा और हेडलाइट टूट गई, जबकि आधा दर्जन राहगीर चोटिल हो गए। जान बचाने के लिए प्रशासनिक कर्मियों को मौके से पीछे हटना पड़ा। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मो. फिरोज भी इस हमले में बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन और साहेबगंज नगर परिषद की ओर से नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा था।

अभियान शुरू होने से एक सप्ताह पहले ही दुकानदारों को नोटिस देकर सड़क और सार्वजनिक स्थानों से अवैध कब्जा हटाने की चेतावनी दी गई थी। प्रशासन की सख्ती को देखते हुए कई दुकानदारों ने खुद ही अतिक्रमण हटा लिया था, जबकि कुछ लोगों ने निर्देशों की अनदेखी की थी।इसके बाद प्रशासनिक टीम ने नवल किशोर चौक से अभियान की शुरुआत की। टीम ने ब्रजनंदन चौक, बस स्टैंड, गांधी चौक, गोला रोड, अस्पताल रोड, ब्लॉक गेट, केशव चौक और इंद्रदेव चौक तक सड़क किनारे तथा नालों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। इसी दौरान केशव चौक पहुंचते ही विपणन केंद्र की छत से पथराव शुरू हो गया।घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

पुलिस को देखते ही पथराव करने वाले लोग फरार हो गए। काफी मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हुई। कार्यपालक पदाधिकारी मो. फिरोज ने बताया कि उपद्रवियों ने अभियान में बाधा डालते हुए सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त किया है। हमलावरों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए साहेबगंज थाने में आवेदन दिया गया है।













