मोतिहारी, 18 नवंबर (गौरव कुमार गुप्ता) सीमावर्ती क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं के लिए आत्मनिर्भरता की नई राह खुलने जा रही है। अब यहां के युवा दोपहिया वाहनों की मरम्मत का हुनर सीखकर न केवल रोजगार हासिल कर सकेंगे, बल्कि अपना गैराज और सर्विस सेंटर खोलकर स्वरोजगार भी कर सकेंगे। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 71वीं वाहिनी ने युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के उद्देश्य से कौशल विकास की महत्वपूर्ण पहल की है।पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने सतगुरु महंत राम खेलावन गोस्वामी प्लस टू उच्च विद्यालय, कटगेनवा-महुआवा के मैदान में आयोजित नागरिक कल्याण कार्यक्रम में यह बातें कहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद डॉ. संजय जायसवाल, सेनानायक प्रफुल्ल कुमार और विधायक विशाल कुमार ने संयुक्त रूप से 30 दिवसीय दोपहिया वाहन मरम्मत (टू-व्हीलर मैकेनिक) प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन कर किया।सांसद ने एसएसबी की इस पहल की सराहना करते हुए सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं से नागरिक कल्याण एवं कौशल विकास कार्यक्रमों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं के हाथों में हुनर और उन्हें काम के अवसर उपलब्ध कराना आत्मनिर्भर समाज के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम है। विधायक विशाल कुमार ने भी ऐसी योजनाओं को ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के लिए बेहद उपयोगी बताया।

सेनानायक प्रफुल्ल कुमार ने कहा कि एसएसबी सीमा की सुरक्षा और निगरानी के साथ सीमावर्ती गांवों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए भी लगातार प्रयासरत है। प्रशिक्षण का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को बाजार की मांग के अनुरूप तकनीकी कौशल देकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना है। प्रशिक्षण प्राप्त युवा अपना गैराज, सर्विस सेंटर या मरम्मत केंद्र स्थापित कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व 30 दिवसीय निर्माण कार्य प्रशिक्षण पूरा कराया गया, जिसमें सीमावर्ती गांवों के 25 युवाओं ने हिस्सा लिया। अनुभवी प्रशिक्षकों ने उन्हें भवन निर्माण से जुड़ी तकनीक सिखाई। निर्माण क्षेत्र में कुशल कामगारों की मांग को देखते हुए प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। सेनानायक ने बताया कि इच्छुक युवाओं को व्यवसाय शुरू करने के लिए बैंक ऋण और वित्तीय सहायता से जोड़ने की पहल भी की जाएगी। मौके पर इंस्पेक्टर मोहम्मद साजिद, मुखिया संतोष कुमार गिरि सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।













