मुंगेर, 09 नवंबर (प्रभात यादव) मुंगेर जिले के बारीपारपुर ब्लॉक स्थित झौआ बहियार के वार्ड नंबर छह में दिवाली की रात पटाखों की चिंगारी से भीषण अग्निकांड हो गया। आग ने देखते ही देखते दो घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पीड़ित परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल गई। जानकारी के अनुसार, आग बासो ठाकुर और वेदानंद मंडल के घरों में लगी। दोनों घर टाइल के बने थे, जिसके कारण आग तेजी से फैलती चली गई। लपटों ने घरों में रखे अनाज, कपड़े, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते दोनों परिवारों की जीवनभर की जमा-पूंजी जलकर राख हो गई।

आग की तपिश से पास स्थित एक अन्य घर को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है।घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। आग बुझाने में सबसे बड़ी परेशानी इलाके की भौगोलिक स्थिति के कारण हुई। झौआ बहियार गंगा दियारा क्षेत्र में स्थित है, जहां दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई हुई। प्रशासनिक मदद पहुंचने में देरी के बीच स्थानीय ग्रामीणों ने मोर्चा संभाला। लोगों ने एकजुट होकर मशक्कत की और आग को आसपास के दूसरे घरों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया। इस अग्निकांड ने दोनों प्रभावित परिवारों को खुले आसमान के नीचे ला दिया है।

उनके सामने अब भोजन, कपड़े और रहने की व्यवस्था का संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल प्रशासन की ओर से नुकसान का आधिकारिक आकलन किया जाना बाकी है। दिवाली जैसे खुशियों के पर्व पर हुई इस घटना से पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।














