बक्सर, 09 नवंबर (विक्रांत) छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और घाटों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सोमवार, 09 नवंबर 2026 को जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पर्व से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। बैठक में जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर को छठ पर्व के अवसर पर लाइट एंड साउंड लेजर शो के प्रदर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इससे छठ घाटों पर श्रद्धालुओं को विशेष आकर्षण देखने को मिलेगा। साथ ही सभी वरीय पदाधिकारियों को अपने आवंटित प्रखंड में कम से कम एक छठ घाट गोद लेकर वहां व्रतियों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।डीएम ने नगर निकायों एवं प्रखंड प्रशासन को घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथों की मरम्मत, घाटों का समतलीकरण, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। विद्युत विभाग को घाटों और पहुंच मार्गों पर बिजली के तारों एवं उपकरणों की जांच कर सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम, एंबुलेंस और जरूरी दवाओं की उपलब्धता रखने का निर्देश दिया गया।

वहीं, आपदा प्रबंधन विभाग को गहरे पानी वाले स्थानों की पहचान कर प्रशिक्षित गोताखोरों, बचाव दल और आवश्यक उपकरणों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिस प्रशासन को प्रमुख एवं संवेदनशील घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, यातायात और भीड़ नियंत्रण, लगातार गश्ती तथा सीसीटीवी से निगरानी रखने की जिम्मेदारी दी गई।डीएम ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ घाटों का नियमित निरीक्षण करने और कमियों को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तत्परता से जुटा है।












