मुजफ्फरपुर, 08 नवंबर (संतोष गुप्ता) दीपावली और छठ के त्योहारों पर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अब लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। त्योहारों के दौरान दुर्घटना, आगजनी या किसी अन्य स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारी की है। स्वास्थ्य विभाग के सचिव रवि कुमार के निर्देश पर मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच, सदर अस्पताल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं पूरी क्षमता के साथ चालू रखने का आदेश दिया गया है। अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखते हुए जीवन रक्षक दवाओं, एंटी-स्नेक वेनम, आईवी फ्लूइड और ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

संभावित आगजनी की घटनाओं को देखते हुए सभी अस्पतालों में विशेष बर्न वार्ड आरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए 102 एंबुलेंस सेवाओं को सतर्क रखा गया है। एंबुलेंस में जरूरी उपकरण, प्राथमिक उपचार किट और पर्याप्त ईंधन की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा वेंटिलेटर, क्रिटिकल केयर बेड और ब्लड बैंकों में सभी समूहों के रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।अस्पतालों में डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल कर्मियों और एंबुलेंस चालकों की उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। विशेषज्ञ चिकित्सकों के नाम और मोबाइल नंबर सहित ड्यूटी रोस्टर आपातकालीन कक्ष और सूचना पट्ट पर चस्पा किए जाएंगे।

नियंत्रण कक्ष में नोडल पदाधिकारी भी तैनात रहेंगे। वहीं, मिलावटी मिठाई, खोया, छेना, घी और तेल की बिक्री रोकने के लिए विशेष जांच अभियान चलेगा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नमूने लेकर मिलावटखोरों पर कार्रवाई करेंगे। अस्पतालों के ऑक्सीजन प्लांट और सिलेंडर के पास दीया, मोमबत्ती और पटाखे जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।












