बक्सर, 29 अक्टूबर (विक्रांत) रेलवे में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ दानापुर मंडल ने बड़ी कार्रवाई की है। 28 अक्टूबर को चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियान में 1918 यात्रियों को बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ पकड़ा गया। इनसे रेलवे नियमों के तहत कुल 14 लाख 96 हजार 675 रुपये जुर्माना वसूला गया। इस कार्रवाई से बेटिकट यात्रा करने वालों में हड़कंप मच गया। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा कराने और राजस्व की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल की ओर से यात्रियों को उचित टिकट और वैध यात्रा प्राधिकार के साथ सफर करने के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंडल रेल प्रबंधक, दानापुर के निर्देश पर वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्टेशनों पर सघन जांच की।एसी कोचों में भी हुई सख्त जांचविशेष अभियान के दौरान दानापुर मंडल से खुलने और गुजरने वाली विभिन्न ट्रेनों में यात्रियों के टिकट और यात्रा प्राधिकार की जांच की गई।

जांच का दायरा वातानुकूलित आरक्षित कोचों तक रखा गया। रेलवे की टीम ने बिना टिकट, अनियमित टिकट और निर्धारित श्रेणी के नियमों का उल्लंघन कर यात्रा करने वाले यात्रियों को पकड़ा। अभियान का उद्देश्य बेटिकट यात्रा पर अंकुश लगाने के साथ रेलवे के राजस्व को होने वाले नुकसान को रोकना था। अभियान के तहत पुनपुन स्टेशन पर विशेष टिकट जांच भी की गई। यहां 111 यात्रियों को बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते पकड़ा गया। उनसे 61,050 रुपये जुर्माना वसूला गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मंडल में इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे बिना टिकट या वैध यात्रा प्राधिकार के सफर न करें। निर्धारित श्रेणी में ही यात्रा करें और रेलवे नियमों का पालन करें। बिना टिकट या अनियमित यात्रा रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय है।
















