पटना, 23 अक्टूबर (अविनाश कुमार) खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण को लेकर खाद्य संरक्षा विभाग ने पटना में बड़े पैमाने पर निरीक्षण अभियान चलाया। खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर हुई कार्रवाई में रिलायंस रिटेल, फ्लिपकार्ट और बिग बास्केट के वेयरहाउस में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी कर निर्धारित अवधि में कमियां दूर करने का निर्देश दिया है। मौजा जेठूली स्थित रिलायंस रिटेल के वेयरहाउस में कोल्ड स्टोरेज में खाद्य सामग्री खुले में रखी मिली। फर्श पर गंदगी और स्टोर में कबूतर की मौजूदगी भी पाई गई। विभाग ने मलाई पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा।

वहीं, दीदारगंज-गौरीचक स्थित रिलायंस प्रतिष्ठान में खाद्य और अखाद्य सामग्री एक साथ रखी मिली तथा स्वच्छ भंडारण व्यवस्था का अभाव पाया गया। यहां हल्दी और तीखी मिर्च पाउडर के नमूने लिए गए। बिहटा के फ्लिपकार्ट वेयरहाउस में टाटा टी गोल्ड के पैकेटों और कार्टन पर अंकित बैच नंबर में अंतर मिला। इसके बाद 293 पैकेटों की बिक्री पर रोक लगा दी गई, जिनकी अनुमानित कीमत 84,970 रुपये है। अव्यवस्थित भंडारण के कारण केक-पेस्ट्री, आटा, कुकीज, कॉफी, चिप्स और सीरियल समेत 48,210 रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री विनष्टीकरण के लिए भेजी गई। 2.67 लाख रुपये मूल्य के 550 गंदे व क्षतिग्रस्त टोट बॉक्स के उपयोग पर भी रोक लगा दी गई।

मंहगूपुर चिरौरा स्थित बिग बास्केट वेयरहाउस से टोफू, बारबेक्यू सॉस और जीरा पाउडर के नमूने लिए गए। कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और जल निकासी व्यवस्था में कमी मिली।विभाग ने चेताया है कि 14 दिनों में सुधार नहीं होने पर लाइसेंस निलंबित और बाद में रद्द किया जा सकता है।















