बक्सर, 22 अक्टूबर (विक्रांत) रेलवे बोर्ड के निर्देश पर विशेष अभियान-6 के तहत गुरुवार, 22 अक्टूबर को पूर्व मध्य रेल के सभी स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रेल अधिकारियों ने स्टेशन के दफ्तरों तक सीमित रहने के बजाय सीधे यात्रियों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं, अपेक्षाएं, यात्रा अनुभव और सुझाव सुने। यात्रियों से मिले फीडबैक को रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं में सुधार का आधार बनाने की कवायद की गई। कार्यक्रम में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक, अपर महाप्रबंधक, सभी प्रधान विभागाध्यक्षों, मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों समेत विभिन्न मंडलों के अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

अधिकारियों ने अलग-अलग स्टेशनों पर यात्रियों से बातचीत कर सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानी और समस्याओं को दर्ज किया।पांचों मंडलों में एक साथ संवादपूर्व मध्य रेल के दानापुर, सोनपुर, समस्तीपुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय और धनबाद मंडलों के अंतर्गत आने वाले सभी स्टेशनों पर रेल जन संवाद आयोजित हुआ। संबंधित मंडलों के अधिकारी, पर्यवेक्षक और रेलकर्मी स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म तथा यात्रियों की आवाजाही वाले प्रमुख स्थानों पर पहुंचे। इस दौरान यात्रियों से स्वच्छता, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म की साफ-सफाई और अन्य यात्री सुविधाओं को लेकर राय ली गई।

यात्रियों की शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से दर्ज किया गया।शिकायतों के समाधान पर विशेष नजररेलवे बोर्ड की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप प्राप्त शिकायतों और सुझावों को व्यवस्थित रूप से दर्ज कर कार्रवाई की व्यवस्था की गई। अधिकारियों ने त्वरित समाधान वाले मामलों को अलग चिन्हित करने के साथ संबंधित विभागों के समन्वय से निपटाए जाने वाले मुद्दों और उच्च स्तर पर विचार की आवश्यकता वाले विषयों की भी पहचान की।रेल प्रशासन ने प्राप्त फीडबैक, यात्रियों की भागीदारी तथा की गई अथवा प्रस्तावित कार्रवाई का अभिलेखीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि यात्रियों की आवाज केवल कागजों तक सीमित न रहे। यात्रियों ने सराहा सीधा संवादरेल अधिकारियों के सीधे यात्रियों के बीच पहुंचने की पहल की यात्रियों ने सराहना की।

यात्रियों ने इसे रेल प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद मजबूत करने वाला कदम बताया। यात्रियों को उम्मीद है कि दर्ज शिकायतों और सुझावों पर कार्रवाई होने से स्टेशन सुविधाओं और रेल यात्रा का अनुभव बेहतर होगा। पूर्व मध्य रेल ने कहा कि यात्री सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और बेहतर यात्रा अनुभव सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेल जन संवाद के माध्यम से यात्रियों की वास्तविक जरूरतों को समझकर सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार का प्रयास जारी रहेगा।

















