पटना, 21 अक्टूबर (अविनाश कुमार) बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री और आधुनिक बिहार के निर्माता बिहार केसरी स्व. डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान श्रीकृष्ण सिंह के योगदान और उनके विचारों को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि श्रीकृष्ण सिंह का पूरा जीवन सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता, लोकतांत्रिक मूल्यों और बिहार के विकास के लिए समर्पित रहा।

दूरदर्शी नेतृत्व और जनकल्याणकारी सोच के जरिए उन्होंने बिहार के नवनिर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण सिंह का जीवन समाज के कमजोर, वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर संघर्ष करने की प्रेरणा देता है।राजेश राम ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान श्रीकृष्ण सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आजादी के बाद उन्होंने बिहार को विकास की राह पर आगे बढ़ाने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उनके आदर्श, विचार और जनसेवा की भावना आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और सामाजिक सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है। जयंती समारोह के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि श्रीकृष्ण सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन में बिहार की बुनियादी संरचना और विकास को नई दिशा देने का काम किया।

उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना वर्तमान समय की बड़ी जिम्मेदारी है। वक्ताओं ने उनके विचारों और संघर्षों से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।समारोह में सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह, अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, ब्रजेश प्रसाद मुनन, चन्द्रप्रकाश सिंह, ब्रजेश पाण्डेय, पंकज यादव, वैद्यनाथ शर्मा, डॉ. संजय यादव, डॉ. अमन कुमार, संजय कुमार पाण्डेय, सूरज सिंह यादव, अरविन्द लाल रजक, कुमारी अनिता, निधि पाण्डेय, अरूण पाठक, डॉ. आशुतोष शर्मा, विशाल यादव, उमर सैफुल्लाह खां, निरंजन कुमार, मिथिलेश कुमार निषाद, डॉ. सत्येन्द्र कुमार, धर्मवीर शुक्ला, डॉ. प्रमोद पाण्डेय, वसीम अहमद, शैली विनोद, विन्धयाचल आनन्द, नवलैश कुमार सिंह, डॉ. अशोक शर्मा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।














