पटना, 17 अक्टूबर (पटना डेस्क) बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करों के नए-नए हथकंडे सामने आ रहे हैं। कैमूर जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने मोहनिया समेकित चेकपोस्ट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चप्पल की कटिंग की आड़ में छिपाकर लाई जा रही 701 पेटी विदेशी शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 80 से 90 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान टीम ने वाहन को जब्त करने के साथ राजस्थान निवासी एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है।मोहनिया चेकपोस्ट प्रभारी संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि चंडीगढ़ से बिहार में शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है।

सूचना के आधार पर वाहन नंबर की पुष्टि कर टीम ने विशेष निगरानी शुरू की। छज्जू पोखर के पास कुछ कर्मचारियों को सिविल ड्रेस में तैनात किया गया, जबकि चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच तेज कर दी गई।इसी दौरान संदिग्ध वाहन चेकपोस्ट पर पहुंचा, जिसे उत्पाद विभाग की टीम ने रोक लिया। चालक से माल से संबंधित बिल्टी और वैध कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उत्पाद विभाग के कर्मचारियों ने स्कैनर की मदद से वाहन की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान जो तस्वीर सामने आई, उसने अधिकारियों को भी चौंका दिया। वाहन में चप्पल की कटिंग के नीचे विदेशी शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। तलाशी के दौरान कुल 701 पेटियां बरामद हुई।

उत्पाद विभाग के अनुसार बरामद शराब की मात्रा 6218 लीटर 640 मिलीलीटर है।पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम नग्गा राम बताया है और वह राजस्थान का रहने वाला है। फिलहाल उत्पाद विभाग की टीम उससे पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि शराब की इतनी बड़ी खेप बिहार में कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे तस्करी के नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।














