नालंदा, 12 नवंबर (अविनाश पांडेय) मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती एवं राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर कांग्रेस नेता और बिहारशरीफ नगर निगम के उपमहापौर पद के भावी प्रत्याशी इंजीनियर टीपू ने युवाओं के बीच कलम वितरित कर शिक्षा, जागरूकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से हथियार और नफरत का रास्ता छोड़कर शिक्षा एवं ज्ञान को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाने की अपील की। युवाओं को संबोधित करते हुए इंजीनियर टीपू ने कहा कि समाज और देश का भविष्य हथियारों से नहीं, बल्कि कलम और शिक्षा से संवारा जा सकता है। नफरत फैलाने वालों के बहकावे में आकर अपना भविष्य बर्बाद न करें। हथियार उठाने के बजाय कलम उठाएं, क्योंकि आपकी असली ताकत आपकी शिक्षा, ज्ञान और काबिलियत है।

उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी पूंजी हैं और उनकी ऊर्जा का इस्तेमाल समाज निर्माण तथा राष्ट्र की तरक्की में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज युवाओं को गुस्से, नफरत, जातीय और धार्मिक विवादों से दूर रहकर शिक्षा, रोजगार और विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए। सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक बातों से प्रभावित होकर किसी के प्रति नफरत नहीं फैलानी चाहिए। देश की खूबसूरती उसकी विविधता, एकता और आपसी भाईचारे में निहित है। मौलाना अबुल कलाम आजाद को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि उनका पूरा जीवन शिक्षा, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने शिक्षा को देश की प्रगति का सबसे मजबूत आधार माना था। उनके विचार आज भी युवाओं को सही दिशा दिखाते हैं।

इंजीनियर टीपू ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा दिवस हमें यह संकल्प लेने का अवसर देता है कि आर्थिक तंगी के कारण कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने शिक्षित युवाओं को समाज में जागरूकता, अनुशासन और सकारात्मक बदलाव का वाहक बताया। अंत में उन्होंने कहा कि उनका सपना ऐसा समाज बनाना है, जहां हर बच्चे के हाथ में कलम, हर युवा को शिक्षा और रोजगार का अवसर तथा समाज में नफरत की जगह मोहब्बत हो। उन्होंने दोहराया कि नफरत का जवाब नफरत से नहीं, बल्कि शिक्षा, ज्ञान और अच्छे विचारों से देना चाहिए।













