समस्तीपुर, 17 नवम्बर (हर्षिता “अश्क”) पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों की शैक्षणिक किस्मत बदलने के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। अब सरकारी विद्यालयों में नियमित पढ़ाई के बाद भी विद्यार्थियों को अतिरिक्त शिक्षा और मार्गदर्शन मिलेगा। राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने मंगलवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में संध्याकालीन कक्षाओं (इवनिंग क्लासेज) का विधिवत उद्घाटन किया।

इस व्यवस्था को विशेष रूप से कक्षा नौवीं और ग्यारहवीं के विद्यार्थियों के लिए शुरू किया गया है। इसके तहत विभिन्न विषयों में कमजोर बच्चों को अतिरिक्त समय देकर उनकी शैक्षणिक समस्याओं का समाधान किया जाएगा। विद्यार्थियों को कठिन विषयों को समझने, विषयवार पढ़ाई करने और अपनी कमजोरियों को दूर करने का विशेष अवसर मिलेगा।जिला प्रशासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की बुनियादी शैक्षणिक समझ मजबूत करना और उनकी सीखने की क्षमता को विकसित करना है।
इससे न केवल बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ेगा, बल्कि विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार आने की उम्मीद है। उद्घाटन के मौके पर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने संबंधित अधिकारियों को संध्याकालीन कक्षाओं का नियमित और प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि इस योजना का लाभ वास्तविक रूप से जरूरतमंद बच्चों तक पहुंच सके।

डीएम ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार और जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। पढ़ाई में पिछड़ रहे विद्यार्थियों को अतिरिक्त अवसर और उचित मार्गदर्शन देकर उनकी प्रतिभा निखारना इस पहल का उद्देश्य है। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।














