समस्तीपुर, 26 नवम्बर (हर्षिता “अश्क”) जिले के 95 सरकारी प्रारंभिक विद्यालयों को अब जल्द ही अपनी जमीन मिलने की उम्मीद जगी है। भूमिहीन विद्यालयों में भवन निर्माण का रास्ता साफ करने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। कायाकल्प अभियान के तहत चिह्नित इन विद्यालयों के लिए उपयुक्त सरकारी भूमि की तलाश की जाएगी। सरकारी जमीन नहीं मिलने पर दान में प्राप्त भूमि के जरिए भी विद्यालयों के भवन निर्माण का रास्ता तैयार किया जाएगा।

विकास आयुक्त, बिहार, पटना के निर्देश पर उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में इस दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान शिक्षा विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई सूची की समीक्षा में जिले के कुल 95 भूमिहीन प्रारंभिक विद्यालयों की पहचान की गई। आंकड़ों के अनुसार, समस्तीपुर सदर अनुमंडल में सर्वाधिक 33 विद्यालय भूमिहीन हैं।
वहीं रोसड़ा अनुमंडल में 32, दलसिंहसराय में 16 और पटोरी अनुमंडल में 14 विद्यालयों को जमीन की जरूरत है। इस तरह जिले के चारों अनुमंडलों में इन विद्यालयों के लिए भूमि उपलब्ध कराना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है। उप विकास आयुक्त ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को ग्राम स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर सर्वेक्षण कराने और विद्यालयों के लिए उपयुक्त जमीन चिह्नित करने का निर्देश दिया। प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों की जरूरत के अनुसार भवन निर्माण के लिए न्यूनतम 10 डिसमिल से अधिकतम 50 डिसमिल तक भूमि की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने जमीन की उपलब्धता में गैरमजरुआ आम भूमि को ग्राम पंचायत के अनापत्ति प्रमाण-पत्र के साथ तथा गैरमजरुआ खास भूमि को प्राथमिकता देने को कहा। सरकारी जमीन नहीं मिलने पर दान में प्राप्त भूमि का विधिवत निबंधन कराकर प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया।डीडीसी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से भूमि के रकबे, स्वामित्व और उपयोगिता की जांच कर हस्तांतरण एवं आवंटन की प्रक्रिया समय पर पूरी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित पदाधिकारियों को अगले माह के अंत तक समेकित प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से सौंपने का निर्देश दिया गया है, ताकि विद्यालय भवन निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सके।














