बक्सर, 24 जुलाई (विक्रांत) छात्र-नौजवानों के हक, अधिकार और शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं के विरोध में गुरुवार को डुमरांव में युवा राष्ट्रीय जनता दल के नेतृत्व में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने राजगढ़ से पैदल मार्च निकालते हुए पुराना नगर भवन के समीप केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा राष्ट्रीय जनता दल के जिला उपाध्यक्ष राजेश यादव ने की। विरोध मार्च में शामिल छात्र-नौजवानों ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली ने युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है।

उनका आरोप था कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार अनियमितताएं सामने आने से लाखों युवाओं का भरोसा व्यवस्था से उठता जा रहा है।सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि छात्र-नौजवान अपने अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से लड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष परीक्षाएं और युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर सुनिश्चित नहीं किए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वक्ताओं ने सरकार से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, परीक्षा प्रणाली में सुधार लाने और युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

प्रदर्शन में युवा राष्ट्रीय जनता दल के जिला अध्यक्ष सत्येन्द्र आजाद, डुमरांव नगर अध्यक्ष पवन खरवार, नगर उपाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, अर्जुन कुशवाहा, छात्र नेता मनीष यादव, रंजन सैनी, दीपक यादव, नागेंद्र यादव, जितेंद्र यादव, रवि कुमार, लालबाबू, ओमप्रकाश माली, कविंद्र जी तथा जिला परिषद सदस्य जितेंद्र पाल सहित बड़ी संख्या में छात्र, नौजवान और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने दोहराया कि युवा राष्ट्रीय जनता दल छात्र-नौजवानों के हक, सम्मान और अधिकार की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती के साथ लड़ता रहेगा। साथ ही उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन में भागीदारी निभाने और शिक्षा व रोजगार के मुद्दों पर एकजुट रहने का आह्वान किया।















