पटना, 28 सितम्बर (पटना डेस्क) कटिहार में 19 वर्षीय युवती ने रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता के आवेदन पर महिला थाना पुलिस ने चंदन कुमार और इंदल दास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। चंदन कुमार को रेलवे का असिस्टेंट लोको पायलट बताया जा रहा है। पीड़िता के अनुसार, 22 सितंबर को वह किसी बात से नाराज होकर कटिहार रेलवे स्टेशन पहुंची थी। वहां रेलवे की पोशाक पहने एक व्यक्ति ने उससे बातचीत की। युवती का आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने अपना नाम चंदन कुमार बताया और रेलवे में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।

इसके बाद नौकरी दिलाने की बात कहकर वह उसे सहायक थाना क्षेत्र के बरमसिया मोहल्ले में स्थित एक किराए के मकान में ले गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपने कुछ साथियों को फोन कर वहां बुलाने का प्रयास किया। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद आरोपी अपने एक साथी के साथ वहां से फरार हो गया। घटना के बाद भय के कारण युवती ने तत्काल पुलिस से शिकायत नहीं की। करीब चार दिन बाद वह महिला थाना पहुंची और पुलिस को लिखित आवेदन दिया।

आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पीड़िता के बयान, घटनास्थल और आरोपों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। कटिहार एसपी परिचय कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
















