बक्सर, 10 नवम्बर (विक्रांत) पूर्व मध्य रेल में रेलकर्मियों और उनके परिजनों की विभागीय समस्याओं को लेकर महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने संवेदनशील पहल की है। समस्याओं के समाधान में होने वाली देरी पर अंकुश लगाने और शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को उन्होंने हाजीपुर स्थित मुख्यालय में आठ रेलकर्मियों एवं उनके आश्रितों से सीधा संवाद किया। इस दौरान रेलकर्मियों ने अपनी विभिन्न विभागीय समस्याओं और कठिनाइयों को महाप्रबंधक के समक्ष रखा। महाप्रबंधक ने प्रत्येक रेलकर्मी और उनके आश्रित की बात गंभीरता से सुनी। उन्होंने शिकायतों से संबंधित तथ्यों की जानकारी मौके पर मौजूद अधिकारियों से ली और मामलों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की।

इसके बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि रेलकर्मियों की समस्याओं के निपटारे में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही बरतने पर भी जोर दिया।रेल प्रशासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य रेलकर्मियों और उनके आश्रितों को अपनी परेशानियां सीधे महाप्रबंधक के सामने रखने का अवसर उपलब्ध कराना है।

इससे विभागीय स्तर पर लंबित मामलों की जानकारी शीर्ष अधिकारियों तक पहुंचेगी और उनके समाधान की प्रक्रिया में तेजी आएगी। पूर्व मध्य रेल प्रशासन ने दोहराया है कि रेलकर्मियों का कल्याण और उनकी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इस पहल से कर्मचारियों में अपनी शिकायतों के समाधान की उम्मीद जगी है।














