अयोध्या, 21 नवम्बर (विपिन श्रीवास्तव) मेडिकल कॉलेज में रैगिंग और वरिष्ठ छात्रों के कथित उत्पीड़न से परेशान एक एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र ने अपनी पढ़ाई छोड़ दी है। छात्र शुभम वर्मा ने आरोप लगाया है कि वरिष्ठ छात्रों ने उन्हें पांचवीं मंजिल से नीचे फेंकने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, घटना के बाद मदद के लिए मुख्य वार्डन और एंबुलेंस सेवा को फोन किया गया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। कॉलेज प्रशासन की कथित उदासीनता से आहत छात्र ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की राष्ट्रीय एंटी रैगिंग निगरानी एजेंसी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। अयोध्या निवासी शुभम वर्मा के अनुसार, उन्होंने 12 सितंबर को राजकीय मेडिकल कॉलेज, दूबेपुर में एमबीबीएस प्रथम वर्ष में दाखिला लिया था। इसके बाद 27 सितंबर से वह कॉलेज के छात्रावास में रहने लगे।

उनका आरोप है कि चार और पांच अक्टूबर को वरिष्ठ छात्रों ने उनके साथ गंभीर दुर्व्यवहार किया और पांचवीं मंजिल से नीचे फेंकने की कोशिश की। इस घटना से उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने मुख्य वार्डन और एंबुलेंस सेवा से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया।शुभम का आरोप है कि बाद में मुख्य वार्डन ने उनके पिता पर बेटे की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने का दबाव बनाते हुए शपथपत्र मांगा। प्राचार्य के आश्वासन के बाद वह दोबारा छात्रावास में रहने लगे, लेकिन उत्पीड़न का सिलसिला नहीं थमा। छात्र के मुताबिक, एक नवंबर को वर्ष 2025 बैच के दो वरिष्ठ छात्रों ने उनके साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया। शिकायत के बाद कॉलेज प्रशासन ने दोनों छात्रों को 15 दिनों के लिए निलंबित कर दिया, लेकिन इससे उन्हें सुरक्षा का भरोसा नहीं मिला। आखिरकार भय के माहौल में उन्हें एमबीबीएस की सीट छोड़ने का निर्णय लेना पड़ा।

उनका यह भी आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन ने शपथपत्र में स्वेच्छा से सीट छोड़ने की बात लिखने का दबाव बनाया। देहात कोतवाल धर्मवीर सिंह ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। वहीं, प्राचार्य डॉ. हरेंद्र कुमार ने कहा कि 23 नवंबर को एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक होगी। इसमें मामले पर विचार-विमर्श के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।













