पटना, 05 अक्टूबर (अविनाश कुमार) बिहार से मानसून की विदाई के साथ ही मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। प्रदेश में सोमवार से मौसम सामान्य और शुष्क रहने के बीच कई इलाकों में बादलों की आवाजाही बढ़ने के आसार हैं। दिन में चटख धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह और रात के समय गुलाबी ठंड अपना असर दिखाएगी। मौसम विभाग ने उत्तरी बिहार के कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवा के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार सोमवार को पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा के कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ छिटपुट वर्षा हो सकती है।

छह से नौ अक्टूबर के बीच प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में मौसम का मिजाज कुछ बदला रह सकता है। इस दौरान मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने तथा हल्की बारिश होने के आसार हैं।रविवार को भी पटना समेत आसपास के क्षेत्रों में बादल और धूप के बीच मौसम सामान्य रहा। दिन में हल्की गर्मी रही, जबकि सुबह और रात में ठंडक महसूस हुई। पिछले 24 घंटे में अररिया, समस्तीपुर, मधुबनी और सहरसा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। फारबिसगंज और खानपुर में 4.2-4.2 मिमी, लौकाही में 2.2 मिमी तथा महिषी में 1.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।अगले पांच दिनों में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

पटना का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा। गया और भागलपुर में अधिकतम 34 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 33 डिग्री दर्ज हुआ। भभुआ 37.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग के अनुसार वातावरण में नमी और बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसमी सिस्टम के प्रभाव से स्थानीय स्तर पर बादल विकसित हो सकते हैं। इससे कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार बने रहेंगे।
















