मधुबनी, 13 नवंबर (आशीष यादव) बिहार के मधुबनी जिले के चर्चित बलिराजगढ़ गोलीकांड में गुरुवार देर शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्रामीण की हत्या और तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल करने के आरोपी फरार ASI चंद्र मोहन सिंह का शव बरामद हुआ। बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव स्थित एक मैदान में शव मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शव के नीचे से आरोपी की सर्विस पिस्टल भी बरामद हुई है। गौरतलब है कि बीते 3 नवंबर की रात बलिराजगढ़ गांव में ASI चंद्र मोहन सिंह ने कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस घटना में एक ग्रामीण की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिसकर्मी फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए मधुबनी पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। एसएसपी योगेन्द्र कुमार के मुताबिक, आरोपी की तलाश में 12 विशेष टीमों का गठन किया गया था। पुलिस नेपाल से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों के अलावा दूसरे राज्यों में भी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी बीच गुरुवार शाम मैदान में शव पड़े होने की सूचना मिली। सदर-2 के एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए।शव के पास मिले आधार कार्ड, मोबाइल, लैपटॉप, कपड़े और अन्य दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान ASI चंद्र मोहन सिंह के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार, बरामद सर्विस पिस्टल की भी जांच की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में इनक्वेस्ट की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। पारदर्शिता के लिए तीन चिकित्सकों का मेडिकल बोर्ड गठित कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी होगी। हालांकि सबसे बड़ा सवाल अब भी बरकरार है कि आरोपी ASI की मौत कैसे हुई? पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही होगी। फिलहाल इस रहस्यमयी मौत ने पूरे गोलीकांड को नया मोड़ दे दिया है।













