बक्सर, 18 नवंबर (विक्रांत) जिले के कलाकारों और शिल्पकारों के लिए अपनी प्रतिभा और पारंपरिक कला को राज्यस्तरीय पहचान दिलाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। बिहार के राज्यपाल के निर्देश पर पटना स्थित लोक भवन में राज्य के विभिन्न जिलों की विशिष्ट कलाकृतियों और हस्तशिल्पों को प्रदर्शित करने की विशेष पहल की जा रही है। इसके तहत बक्सर जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और कलात्मक परंपराओं का प्रतिनिधित्व करने वाली कलाकृतियों का चयन किया जाएगा। कर्नल नदीन अर्शद (सेवानिवृत्त), विशेष कार्य पदाधिकारी, राज्यपाल, बिहार के पत्रांक डीओ संख्या-00 ओएसडी/11/26, दिनांक 06 नवंबर 2026 के आलोक में यह पहल शुरू की गई है।

इसका मुख्य उद्देश्य बिहार की पारंपरिक कला, शिल्प कौशल और सांस्कृतिक पहचान को व्यापक मंच प्रदान करना तथा स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करना है। इस प्रदर्शनी में पारंपरिक चित्रकला, लकड़ी का काम, धातु शिल्प, पत्थर की कलाकृतियां, टेराकोटा, बांस एवं बेंत से निर्मित वस्तुओं सहित अन्य विशिष्ट स्थानीय कलाओं को शामिल किया जा सकता है। चयनित कलाकृतियों को लोक भवन के दरबार हॉल, प्रवेश कक्ष और गलियारों जैसे प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने का प्रस्ताव है। कलाकृतियों की विशिष्टता और गुणवत्ता के आधार पर प्रदर्शन के लिए स्थान निर्धारित किया जाएगा।

जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, बक्सर ने इच्छुक कलाकारों और शिल्पकारों से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी कलाकृतियां प्रस्तुत करने की अपील की है। कलाकारों को 28 नवंबर 2026 तक अपनी कलाकृतियां जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय में जमा करनी होंगी। यहां से चयनित कलाकृतियों को लोक भवन, पटना भेजा जाएगा। इस पहल से बक्सर की पारंपरिक कला को राज्यस्तरीय पहचान मिलने की उम्मीद है।














