बक्सर, 08 अक्टूबर (विक्रांत) चौगाई प्रखंड की नचाप पंचायत में सोमवार को जिला पदाधिकारी साहिला की मौजूदगी में सेवा सेतु सह पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं, शिकायतों तथा जरूरतों से प्रशासन को अवगत कराया। एक ही जगह सरकारी योजनाओं की जानकारी और सेवाएं मिलने से ग्रामीणों को काफी सहूलियत हुई।

शिविर का उद्देश्य पंचायत क्षेत्र के लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करना रहा। विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और कर्मियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी दी। लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन भी सौंपे।

जिला पदाधिकारी साहिला ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमसंगत, पारदर्शी और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।

ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसके लिए पंचायत स्तर पर ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।डीएम ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने और व्यापक जनजागरूकता फैलाने का निर्देश दिया।

शिविर में डीएम ने लाभुकों को राशन कार्ड तथा आवास की चाबी भी प्रदान की। संबंधित विभागों ने आवेदन प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। डीएम ने कहा कि ऐसे शिविर प्रशासन और जनता के बीच मजबूत एवं पारदर्शी सेतु का काम करते हैं।














