मुजफ्फरपुर, 19 नवंबर ( संतोष गुप्ता) विशेष भूमि सर्वेक्षण की सुस्त रफ्तार ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की चिंता बढ़ा दी है। दो साल बीत जाने के बावजूद सर्वेक्षण का काम अपेक्षित गति नहीं पकड़ सका है। जिले के 1719 राजस्व गांवों में वर्ष 2024 से शुरू हुए विशेष भूमि सर्वेक्षण में अब तक महज 74 गांवों में ही खानापूरी का कार्य पूरा हो सका है। जबकि 114 राजस्व गांवों में यह प्रक्रिया अभी प्रगति पर है। इस निराशाजनक प्रदर्शन को देखते हुए विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने अब नौ पदाधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई है। ये पदाधिकारी विभिन्न जिलों का दौरा कर सर्वेक्षण कार्य की जमीनी हकीकत परखेंगे। इस दौरान खराब प्रदर्शन करने वाले सर्वेक्षण शिविरों को चिह्नित किया जाएगा।

साथ ही कार्यों की समीक्षा कर लंबित प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए जाएंगे। विभागीय निदेशक ने स्पष्ट किया है कि दो साल गुजरने के बाद भी सर्वेक्षण की प्रगति संतोषजनक नहीं है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अब तक हुए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट विभाग को सौंपने का निर्देश दिया गया है, ताकि लापरवाही बरतने वालों पर विभागीय स्तर से कार्रवाई की जा सके। बताया जाता है कि जिले में 50 से अधिक विशेष सर्वेक्षण अमीनों की तैनाती की गई थी। लेकिन अंचल अमीनों की हड़ताल के कारण विशेष सर्वेक्षण अमीनों को राजस्व महाभियान और अंचल से जुड़े अन्य कार्यों में लगा दिया गया। इससे मूल सर्वेक्षण कार्य प्रभावित होता रहा। विभाग ने पहले सर्वे अमीनों से अंचल स्तरीय कार्य कराने पर रोक लगाई थी, लेकिन अंचल अमीनों की दोबारा हड़ताल के कारण कामकाज प्रभावित होने लगा।

इसके बाद विशेष सर्वेक्षण अमीनों को अंचलों में लंबित मापी आवेदनों के निष्पादन की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई। जिला बंदोबस्त कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, अब तक 23 लाख 50 हजार 948 भूधारियों ने स्वघोषणा पत्र जमा कराया है। वहीं, सभी 1719 राजस्व गांवों का खतियान भू-सर्वेक्षण पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है।













