नई दिल्ली, 03 नवंबर (अशोक “अश्क”) बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को धमकी भरा फोन कॉल कर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताते हुए अभिनेता को धमकी दी। हैरी बॉक्सर नाम के व्यक्ति पर धमकी देने और फिरौती मांगने का आरोप है। घटना के बाद बॉलीवुड जगत में हलचल मच गई है। अभिनेता ने तत्काल मुंबई पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, तुषार कपूर को आए धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच की टीमें जांच में शामिल हो गई हैं। पुलिस कॉल की डिटेल और आरोपी की पहचान का पता लगाने में जुटी है। क्राइम ब्रांच की तकनीकी टीम धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है। रिकॉर्डिंग में सुनाई देने वाली आवाज की तुलना कथित तौर पर हैरी बॉक्सर की आवाज से की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कॉल वास्तव में उसी व्यक्ति ने किया था या किसी अन्य ने गैंग का नाम इस्तेमाल कर धमकाने की कोशिश की। जांच के दौरान रिकॉर्डिंग में सुनाई देने वाली आवाज का हैरी बॉक्सर की आवाज से मिलान नहीं हो पाया।

इसके बाद पुलिस को आशंका है कि अभिनेता को डराने और रंगदारी वसूलने के लिए किसी ने लॉरेंस गैंग का नाम इस्तेमाल किया हो सकता है। हालांकि, मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। मुंबई पुलिस अब धमकी भरा कॉल करने वाले और ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजने वाले आरोपी की तलाश कर रही है। कॉल के स्रोत, आरोपी की पहचान और रंगदारी मांगने के पीछे की मंशा का पता लगाया जा रहा है। घटना की खबर सामने आने के बाद अभिनेता के प्रशंसकों में भी चिंता देखी जा रही है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।













