समस्तीपुर, 29 सितम्बर (हर्षिता “अश्क”) सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत मंगलवार को पटोरी अनुमंडल में स्वच्छता को लेकर जोरदार अभियान चलाया गया। जिला गंगा समिति, जिला प्रशासन समस्तीपुर एवं नगर परिषद शाहपुर पटोरी के संयुक्त तत्वावधान में डीएसपी आवास के निकट वार्ड संख्या-11 स्थित तालाब के किनारे श्रमदान कर साफ-सफाई की गई। अभियान में स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में डीपीओ नमामि गंगे नीरजेश कुमार, नगर परिषद शाहपुर पटोरी के कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी सुशांत मिश्रा, वार्ड पार्षद, पार्षद प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने तालाब के चारों ओर फैली गंदगी को हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया।

सफाई अभियान के बाद तालाब परिसर में पौधारोपण भी किया गया।डीपीओ नमामि गंगे ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने आम लोगों से अपने आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ नदी, तालाब और अन्य जलाशयों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जलस्रोतों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।अभियान के दौरान प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत चंदन चौक पर लोगों के बीच कपड़े के थैले भी वितरित किए गए।

इसके माध्यम से एकल उपयोग वाली प्लास्टिक से दूरी बनाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।आयोजकों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य नदी, तालाब एवं अन्य जलाशयों को स्वच्छ रखने के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करना है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने स्वच्छता को नियमित आदत बनाने और जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने का संकल्प लिया।














