मधुबनी, 11 नवंबर (आशीष यादव) भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अवैध पशु वध के धंधे का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। ललमनियां थाना क्षेत्र के भेलहा गांव में बुधवार अहले सुबह एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध पशु वधशाला का भंडाफोड़ किया गया। ड्रोन से निगरानी के बाद की गई छापेमारी में दो महिलाओं समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। मौके से दो जीवित छोटे बछड़े, दो पशुओं के कटे सिर और करीब 100 किलोग्राम गोमांस बरामद किया गया। एसएसबी सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से पशुओं की तस्करी कर उन्हें भारतीय सीमा में लाया जा रहा है।

इसके बाद भेलहा गांव में अवैध रूप से पशुओं का वध किया जाता है। इस दौरान पशुओं के साथ क्रूरतापूर्ण व्यवहार किए जाने की भी आशंका जताई गई थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसबी ने बुधवार तड़के ड्रोन के जरिए सीमावर्ती इलाके की निगरानी शुरू की। हवाई निगरानी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि होने पर तत्काल ललमनियां थाना पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने भेलहा गांव में अचानक छापेमारी कर दी।सुरक्षा बलों को देखते ही मौके पर भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर भागने की कोशिश कर रहे सभी छह संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।

बरामद सामग्री को जब्त कर लिया गया है। सीमावर्ती इलाके में इस कार्रवाई के बाद पशु तस्करी के नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध कारोबार के तार नेपाल से जुड़े हैं या इसके पीछे कोई बड़ा संगठित गिरोह सक्रिय है।













