बक्सर, 18 नवंबर (विक्रांत) डुमरांव अनुमंडल में पाइपलाइन गैस (पीएनजी) कनेक्शन की सुस्त रफ्तार और लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अनुमंडल में 498 पीएनजी मीटर लगाए जा चुके हैं, लेकिन इनमें महज 20 मीटर ही चालू हैं। यानी 478 उपभोक्ता अब भी पाइपलाइन गैस की सुविधा से वंचित हैं। इस खराब स्थिति पर जिलाधिकारी श्रीमती साहिला ने गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और आईओसीएल के पदाधिकारियों को काम में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया है।

बुधवार, 18 नवंबर को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पीएनजी कनेक्शन के विस्तार और क्रियाशीलता की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें जिला आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, डुमरांव तथा आईओसीएल (पीएनजी) के प्रतिनिधि शामिल हुए।समीक्षा के दौरान मीटरों की बेहद कम सक्रियता सामने आने पर डीएम ने स्पष्ट कहा कि पाइपलाइन गैस जैसी सुविधाजनक और स्वच्छ ऊर्जा व्यवस्था का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

काम में तेजी लाने के लिए डीएम ने आईओसीएल को डुमरांव अनुमंडल में अलग से संवेदक नियुक्त करने का निर्देश दिया। यह संवेदक विशेष रूप से इसी अनुमंडल में पीएनजी कनेक्शन के विस्तार और संचालन का काम करेगा। वहीं, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में कनेक्शन अधिष्ठापन, संचालन और प्रचार-प्रसार की सक्रिय निगरानी करने को कहा गया। अनुमंडल पदाधिकारी, डुमरांव को सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को पीएनजी के फायदे बताकर कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया।

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को ऑडियो जिंगल समेत विभिन्न माध्यमों से जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया। इसके अलावा आईओसीएल को प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर होर्डिंग, बैनर एवं पोस्टर लगाने का निर्देश दिया गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि अब केवल मीटर लगाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि उन्हें शीघ्र चालू कर उपभोक्ताओं तक सुविधा पहुंचानी होगी।














