बक्सर, 30 अक्टूबर (विक्रांत) नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। बिहार सरकार के युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बक्सर परिसर में आगामी 3 नवंबर 2026 को मेगा जॉब कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश की 10 प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार पाने का अवसर मिलेगा। कैंप में चार प्लेसमेंट एजेंसियों के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इसमें नेक्स्टजेन रिक्रूटमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, अहमदाबाद (गुजरात), टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, होसुर (तमिलनाडु) और किआ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, पेनुकोंडा (आंध्र प्रदेश) में नियुक्ति के अवसर उपलब्ध होंगे।वहीं, विजन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के जरिए हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, रेनुकूट (उत्तर प्रदेश) और डिक्सन टेक्नोलॉजीज इंडिया लिमिटेड, ग्रेटर नोएडा में युवाओं को रोजगार मिल सकेगा।

2कॉम्स कंपनी के माध्यम से अपोलो टायर्स, आंध्र प्रदेश और सैंसेरा इंजीनियरिंग लिमिटेड, चाकण, पुणे में चयन किया जाएगा।इसी क्रम में शिवफोर्ड ग्रुप पुणे के माध्यम से जेबिल सर्किट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, रंजनगांव, पुणे तथा मदरसन ऑटोमोटिव, दसादा, गुजरात में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।आईटीआई बक्सर के प्राचार्य मो. मसूद रशीद ने इच्छुक अभ्यर्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों को 3 नवंबर को सुबह 10:30 बजे तक संस्थान परिसर में पहुंचना होगा।

अभ्यर्थियों को मैट्रिक एवं आईटीआई के शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बायोडाटा और पासपोर्ट साइज फोटो सहित सभी जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे। इस मेगा जॉब कैंप से जिले के युवाओं को देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में करियर बनाने का अवसर मिलेगा।
















