समस्तीपुर, 27 सितम्बर (हर्षिता “अश्क”) समस्तीपुर कॉलेज में शनिवार से शुरू हुए जन संस्कृति मंच (जसम) के बिहार राज्य सम्मेलन के दूसरे दिन रविवार को सांगठनिक और चुनावी सत्र में संगठन की नई राज्य कमिटी का गठन किया गया। सम्मेलन में नई राज्य परिषद और कार्यकारिणी के गठन के प्रस्ताव को प्रतिनिधियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच मंजूरी दी। इसके बाद सर्वसम्मति से जीतेंद्र कुमार को राज्य अध्यक्ष और दीपक सिन्हा को राज्य सचिव चुना गया।सांगठनिक सत्र में पर्यवेक्षक के रूप में जसम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कौशल किशोर और राष्ट्रीय महासचिव मनोज कुमार मौजूद रहे। सत्र की अध्यक्षता जीतेंद्र कुमार, तबस्सुम फरहाना, अनील अंशुमन, प्रो. सुरेंद्र प्रसाद सुमन और रामबाबू आर्य की अध्यक्षमंडली ने की।

प्रतिनिधियों को रिपोर्ट वितरित किए जाने के बाद राज्य सचिव दीपक सिन्हा ने संगठन के कामकाज की रिपोर्ट प्रस्तुत की।रिपोर्ट पर चर्चा के दौरान सुमन कुमार सिंह, डॉ. प्रभात कुमार, समता राय, कृष्ण कुमार निर्मोही, निर्मल नयन, राजेश कमल और विंदेश्वरी सिंह समेत कई प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। प्रतिनिधियों ने संगठन के विस्तार और भविष्य की रणनीति को लेकर सुझाव रखे। राज्य सचिव ने सम्मेलन में उठाए गए विचारों को रिपोर्ट में शामिल करने का आश्वासन दिया। इसके बाद अध्यक्षमंडली की ओर से रिपोर्ट पारित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सदन ने ध्वनिमत से मंजूर कर दिया। चुनावी सत्र में विदाई राज्य कमिटी की ओर से 125 सदस्यीय नई राज्य परिषद के गठन का प्रस्ताव पर्यवेक्षक कौशल किशोर ने रखा।

प्रतिनिधियों ने तालियों के बीच इसे मंजूरी दी। इसके बाद 45 सदस्यीय राज्य कार्यकारिणी के गठन के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिल गई।नवगठित राज्य परिषद की बैठक में डॉ. सुरेंद्र प्रसाद सुमन, डॉ. प्रभात कुमार, डॉ. रामबाबू आर्य, निर्मल नयन, कृष्ण कुमार निर्मोही, प्रमोद यादव, शंभू भारतीय, अनील अंशुमन, अहमद सगीर, विजय और डॉ. स्नेहलता को राज्य उपाध्यक्ष चुना गया। पुनीत पाठक, सुमन कुमार सिंह, रंजन कुमार बमबम, समीर कुमार, डॉ. संजय कुमार और अशोक पासवान को राज्य सह सचिव बनाया गया। समस्तीपुर कॉलेज की ओर से प्रो. दिनेश्वर यादव के धन्यवाद ज्ञापन के बाद पुनीत पाठक, प्रमोद यादव और अनील अंशुमन ने सामूहिक रूप से ‘हम होंगे कामयाब’ गीत प्रस्तुत किया। इसके साथ सम्मेलन के समापन की घोषणा हुई। सम्मेलन की सफलता में योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं के प्रति भी धन्यवाद जताया गया।













