बक्सर, 01 नवंबर (विक्रांत) जनगणना 2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या परिगणना को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार, 1 नवंबर 2026 को बक्सर में जिला स्तरीय एवं चार्ज स्तरीय पदाधिकारियों, कर्मियों और तकनीकी सहायकों के प्रशिक्षण के दूसरे बैच का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर समाहर्ता सह जिला जनगणना अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने की।प्रशिक्षण जनगणना कार्य निदेशालय, पटना से आए प्रशिक्षक रविन्द्र कुमार सिंह और अनुप कुमार वर्मा ने दिया।

इस दौरान जनगणना से जुड़े तकनीकी, प्रशासनिक और डिजिटल कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।प्रशिक्षण में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सह अपर जिला जनगणना अधिकारी मोती कुमार दिनकर, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी हेमन्त कुमार चौबे सहित संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।द्वितीय चरण के प्रशिक्षण में जनगणना के आधिकारिक पोर्टल सीएमएमएस (CMMS) के प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया।

पीई मैनेजमेंट के तहत एन्यूमरेशन ब्लॉक (ईबी) और सब-एन्यूमरेशन ब्लॉक (सब ईबी) के विस्तार, मैपिंग तथा नजरी नक्शा तैयार करने की प्रक्रिया समझाई गई। तकनीकी पहलुओं पर जानकारी देने के साथ प्रतिभागियों को व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान परिवारों से पूछे जाने वाले सभी 40 प्रश्नों की जानकारी दी गई। साथ ही मोबाइल ऐप के माध्यम से आंकड़ों के संग्रह, डेटा प्रविष्टि और जनगणना से संबंधित गोपनीयता के नियमों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

अधिकारियों ने प्रशिक्षण को जनगणना कार्य की गुणवत्ता और सटीकता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। डिजिटल प्रक्रिया और तकनीकी दक्षता पर जोर के साथ प्रशासन जनगणना 2027 को व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराने की तैयारी में जुटा है।














