बक्सर, 12 नवंबर (विक्रांत) छठ महापर्व के दौरान गंगा घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। बक्सर और चौसा अंचल के अंतर्गत गंगा नदी में 13 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक आम लोगों के नदी में प्रवेश और नाव परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रशासन ने यह कदम नदी में डूबने सहित अन्य संभावित हादसों को रोकने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया है।अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर से प्राप्त सूचना के अनुसार, छठ पर्व के दौरान बक्सर अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए घाटों पर बैरिकेडिंग सहित आवश्यक सुरक्षात्मक इंतजाम किए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में आम नागरिकों को गंगा नदी में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही बिना अनुमति किसी भी प्रकार की नाव चलाने पर भी पूरी तरह रोक रहेगी। प्रशासनिक कार्यों, सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केवल चिन्हित एवं अधिकृत नावों तथा मोटरबोट के परिचालन की अनुमति दी जाएगी। इनके अतिरिक्त किसी भी अन्य नाव का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। जिला प्रशासन अथवा अनुमंडल प्रशासन से पूर्व अनुमति लिए बिना नाव चलाते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। प्रतिबंध संबंधी आदेश की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन ने व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया है।

कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर तथा नगर पंचायत चौसा और इटाढ़ी को ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, गंगा घाटों पर तैनात दंडाधिकारियों को भी लाउडस्पीकर के जरिए लगातार प्रतिबंध की जानकारी देने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा नियमों का पालन करने और किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने की अपील की है।














