बक्सर, 16 नवंबर (विक्रांत) लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) ने सराहनीय पहल की। डुमरांव के ऐतिहासिक छठिया पोखरा पर संगठन की ओर से हर वर्ष की भांति इस बार भी निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इसमें छठ पूजा के लिए पहुंचे व्रतियों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं एवं प्राथमिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। पर्व के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ के बीच इस पहल से जरूरतमंद लोगों को काफी सहूलियत मिली।शिविर का उद्देश्य घाट पर अचानक तबीयत बिगड़ने, स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने अथवा किसी आकस्मिक स्थिति में लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना था।

इसके लिए संगठन के कार्यकर्ताओं ने टेंट, टेबल, कुर्सी सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं की थीं। कार्यकर्ता पूरी तत्परता और अनुशासन के साथ सेवा कार्य में जुटे रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो।इस अवसर पर इंकलाबी नौजवान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं डुमरांव के पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने संगठन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि छठ जैसे महान लोकपर्व पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की सेवा करना सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सामाजिक संघर्षों के साथ जरूरतमंदों की सहायता और आम जनता के सुख-दुख में भागीदारी भी संगठन का प्रमुख दायित्व है।

उन्होंने कहा कि समाज में आपसी सहयोग, भाईचारे और मानवीय संवेदना को मजबूत करने के लिए ऐसे सेवा कार्य जरूरी हैं। RYA भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाता रहेगा। संगठन का संकल्प संघर्ष के मैदान से लेकर सेवा के हर अवसर तक आम जनता के साथ खड़े रहने का है।स्वास्थ्य शिविर में डॉ. संजय कुमार (एपीएचसी, नावानगर), जितेंद्र कुमार (आरपी नर्सिंग होम), कृष्णा राम, बाबूलाल राम, धर्मेंद्र यादव, सुरेश राम, मोहम्मद नासिर हसन, एहसान अंसारी, प्रभात कुमार, शंकर तिवारी, भगवान दास, सर्वेश पांडेय, अभय कुमार पांडेय और रिंकू कुरैशी समेत RYA एवं भाकपा-माले के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।














