बक्सर, 21 नवम्बर (विक्रांत) तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में युवाओं को नई पहचान देने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बक्सर एवं महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को महिला आईटीआई परिसर में दीक्षांत समारोह-2026 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न व्यवसायों के सफल प्रशिक्षणार्थियों को राष्ट्रीय व्यवसाय प्रमाण पत्र (एनटीसी) प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत की गई। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर संस्थान परिसर तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। समारोह में संस्थान के प्रशिक्षणार्थियों, प्रशिक्षकों, पदाधिकारियों और अभिभावकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

सत्र 2024-2026 एवं 2025-2026 के विभिन्न ट्रेडों में सफल प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, प्रत्येक व्यवसाय में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले तीन मेधावी प्रशिक्षणार्थियों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर उप प्राचार्य ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आईटीआई से प्राप्त तकनीकी एवं व्यावहारिक ज्ञान उनके करियर को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगा। आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है, बल्कि हुनर और कार्यकुशलता ही सफलता की असली पहचान है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने कौशल को लगातार निखारने, अनुशासन बनाए रखने और आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।

समारोह का विशेष आकर्षण अपराह्न पांच बजे से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव कार्यक्रम का प्रसारण रहा। संस्थान के प्रशिक्षणार्थियों एवं अतिथियों ने सामूहिक रूप से इस कार्यक्रम को देखा। इस दौरान कौशल विकास और व्यावसायिक शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया गया।वहीं, रोजगार, अप्रेंटिसशिप और स्वरोजगार की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रशिक्षणार्थियों को जॉब मेला, अप्रेंटिसशिप, उच्च शिक्षा तथा कौशल उन्नयन के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। अंत में संस्थान प्रबंधन ने सभी सफल प्रशिक्षणार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।














