हैदराबाद, 03 अक्टूबर (अंकिता राय) तेलंगाना के विकाराबाद जिले में शनिवार को अनंतगिरि घाट रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू कर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। बाद में पुलिस और बचाव दल ने मोर्चा संभालते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।जानकारी के अनुसार, संगारेड्डी जिले के पटनचेरू के समीप केसारम गांव से 54 लोग एक निजी बस में सवार होकर विकाराबाद जिले के धारूर मंडल स्थित चिंताकुंटा जा रहे थे। सभी यात्री एक अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए निकले थे।

इसी दौरान अनंतगिरि घाट रोड पर उतरते समय अचानक बस चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया। बेकाबू बस सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।बस पलटते ही कई यात्री अंदर फंस गए। कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। उन्होंने बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की और घायलों को उपचार के लिए भेजने की व्यवस्था की। सूचना मिलने के बाद पुलिस और आपातकालीन दल भी घटनास्थल पर पहुंच गए।बचाव टीमों ने दुर्घटनाग्रस्त बस से यात्रियों को बाहर निकाला। घायल 15 लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

चिकित्सकों की निगरानी में सभी घायलों का इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलने पर विकाराबाद के कलेक्टर दीपक तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली और अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार समेत जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।पुलिस ने चारों मृत महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान की विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है।पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर चालक के नियंत्रण खोने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दुर्घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


















