बक्सर, 16 अक्टूबर (विक्रांत) जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्रह्मपुर थाना में कार्यरत सब इंस्पेक्टर नीरज कुमार पासवान को रिश्वतखोरी के आरोप में धर दबोचा। कार्रवाई की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। निगरानी टीम ने सब इंस्पेक्टर को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीरज कुमार पासवान पर रिश्वत लेने का आरोप था। शिकायत के आधार पर निगरानी विभाग ने मामले की जांच-पड़ताल की और इसके बाद कार्रवाई को अंजाम दिया।

निगरानी की टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। हालांकि, रिश्वत की राशि और कार्रवाई से जुड़े अन्य बिंदुओं की आधिकारिक जानकारी समाचार भेजे जाने तक सामने नहीं आई थी। कार्रवाई के बाद निगरानी विभाग की टीम सब इंस्पेक्टर के आवास की भी तलाशी ले रही थी। टीम द्वारा आवास से महत्वपूर्ण दस्तावेज या अन्य सामग्री बरामद किए जाने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही, पकड़े गए सब इंस्पेक्टर नीरज कुमार पासवान से निगरानी विभाग के अधिकारी लगातार पूछताछ कर रहे थे

इस कार्रवाई के बाद ब्रह्मपुर थाना सहित पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। निगरानी विभाग की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही रिश्वतखोरी के आरोप, बरामदगी और पूरे मामले से जुड़े तथ्यों की विस्तृत तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। अधिकारियों की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
















