नालंदा, 15 अक्टूबर (अविनाश पांडेय) जिले में शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर बदमाशों ने बुधवार रात पावापुरी-सिलाव इलाके में हाईवे स्थित फ्लाईओवर के समीप अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगने से उत्पाद विभाग के सिपाही अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें तत्काल पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पटना पीएमसीएच रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। घटना के बाद विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने बताया कि पटना मुख्यालय के एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (ईआईबी) को सूचना मिली थी कि पिकअप वैन से शराब की बड़ी खेप नालंदा लाई जा रही है।

वाहन के खराट मोड़ से गुजरने की जानकारी पर ईआईबी की विशेष टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर और स्थानीय टीम के साथ मिलकर घेराबंदी की। टीम ने पावापुरी-सिलाव हाईवे पर संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान तस्करों के लिए रेकी कर रहे कथित लाइनर ने अचानक टीम पर गोली चला दी। गोली सिपाही अजीत कुमार को लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। अफरा-तफरी का फायदा उठाकर पिकअप सवार तस्कर और कथित लाइनर मौके से फरार हो गये। घायल सिपाही को पहले पावापुरी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर पीएमसीएच भेजा गया।

वहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। शव का पोस्टमार्टम पटना में कराया जा रहा है। घटना से विभागीय कर्मियों में शोक व्याप्त है। उत्पाद थानाध्यक्ष नीतीश कुमार के अनुसार, संयुक्त कार्रवाई ईआईबी टीम के नेतृत्व में हो रही थी। पुलिस और उत्पाद विभाग की टीमें हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। हाईवे और आसपास के मार्गों पर नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। शराब लदी पिकअप और आरोपितों की गिरफ्तारी अब पुलिस के सामने बड़ी चुनौती है।















