
बक्सर, 14 अक्टूबर (विक्रांत) आगामी दशहरा एवं अन्य त्योहारों के दौरान जिले में शांतिपूर्ण माहौल, सुगम यातायात और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। जिला पदाधिकारी, बक्सर के निर्देश पर जिला परिवहन कार्यालय की ओर से 01 अक्टूबर 2026 से विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

जिला परिवहन कार्यालय के अनुसार, 13 अक्टूबर तक जिले में कुल 452 वाहनों के चालान निर्गत किए जा चुके हैं। इन कार्रवाईयों के माध्यम से अब तक 28 लाख 47 हजार 300 रुपये की जुर्माना राशि अधिरोपित की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के मद्देनजर शुरू किया गया यह विशेष अभियान 28 अक्टूबर 2026 तक लगातार जारी रहेगा। अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्गों समेत जिले के प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन जांच की जा रही है।

दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट, चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट के इस्तेमाल तथा मालवाहक एवं व्यावसायिक वाहनों में ओवरलोडिंग की विशेष रूप से जांच हो रही है। वाहनों की छत पर सवारी बैठाने के मामलों पर भी कार्रवाई की जा रही है।इसके अलावा ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस प्रमाणपत्र, प्रदूषण प्रमाणपत्र, बीमा और परमिट जैसे अनिवार्य दस्तावेजों की वैधता भी जांची जा रही है। तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर भी विभाग की पैनी नजर है।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाकर लोगों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने तथा वैध कागजात के साथ ही वाहन चलाने की अपील की है। विभाग ने चेतावनी दी है कि त्योहारों तक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई और तेज की जाएगी।














